जौनपुर: कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के लाभार्थी बच्चों और उनके अभिभावकों के साथ जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने संवाद किया। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, रुचियों, विद्यालय की व्यवस्थाओं और भविष्य के सपनों की जानकारी लेते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
संवाद के दौरान बच्चों ने शिक्षक, वकील, इंजीनियर, डॉक्टर, अंतरिक्ष वैज्ञानिक और आईपीएस अधिकारी बनने की इच्छा जताई। जिलाधिकारी ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है। लक्ष्य के प्रति अनुशासन, निरंतर मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।उन्होंने बच्चों को पढ़ाई पर ध्यान देने और मोबाइल का इस्तेमाल सोशल मीडिया के लिए कम करने की सलाह दी। खेलों में रुचि रखने वाले बच्चों को खेल के क्षेत्र में भी भविष्य बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
एक बच्ची ने बताया कि वह बड़ी होकर त्वचा रोग विशेषज्ञ बनना चाहती है और अपना अस्पताल खोलकर गरीब बच्चों का निःशुल्क इलाज करना चाहती है। उसकी सोच की डीएम ने सराहना करते हुए उसे खूब मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।डीएम ने बच्चों से विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता और पठन-पाठन की व्यवस्था की जानकारी ली।
खेल सुविधाओं की कमी की शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां भी जरूरी हैं।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय कुमार पांडेय, बाल संरक्षण अधिकारी चंदन राय सहित अन्य अधिकारी, बच्चे और अभिभावक मौजूद रहे।\
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































