UP: अमेठी में समाजवादी पार्टी ने शनिवार को बढ़ती महंगाई, बिजली संकट, खराब स्वास्थ्य सेवाओं और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं के खिलाफ जिला मुख्यालय गौरीगंज में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष राम उदित यादव के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपकर सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
बढ़ती कीमतों से आमजन परेशान
ज्ञापन में सपा नेताओं ने कहा कि खाद्यान्न, फल-सब्जियां, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, बिजली समेत दैनिक जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसका सबसे ज्यादा असर गरीब, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है, जिससे घरेलू बजट बिगड़ गया है और लोगों के लिए रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है।
Also Read: ‘कॉकरोच डरते भी नहीं, कभी मरते भी नहीं…’,जंतर-मंतर पर बोल CJP फाउंडर अभिजीत दीपके
बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं पर उठाए सवाल
पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती से किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। साथ ही सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है, जिससे लोगों को बेहतर इलाज के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
पेपर लीक से युवाओं में बढ़ रहा असंतोष
सपा नेताओं ने कहा कि भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लगातार लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वर्षों की मेहनत के बावजूद अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। पार्टी ने मांग की कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाया जाए।
जनता को राहत देने की उठाई मांग
सपा नेता सिंधुजीत सिंह और प्रवक्ता राजेश मिश्र ने कहा कि सरकार को महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए तथा रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत प्रदान करनी चाहिए। उन्होंने जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के साथ-साथ पेपर लीक की घटनाओं को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए मजबूत व्यवस्था लागू करने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















































