NEET पेपर लीक समेत विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू किया। बड़ी संख्या में छात्र और युवा सड़क पर उतरकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी भी हुई।
हजारों युवाओं ने दिखाई एकजुटता
प्रदर्शन में हजारों लोग शामिल हुए, जिनमें अधिकांश छात्र और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा थे। कई अभिभावक और बुजुर्ग भी अपने बच्चों के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read: क्यों सुर्खियों में है ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ और कौन हैं इसके संस्थापक अभिजीत दीपके?
विरोध के बीच हुआ अनोखा घटनाक्रम
धरना स्थल पर उस समय हलचल मच गई जब एक व्यक्ति कॉकरोच मारने वाली दवा (हिट) लेकर पहुंच गया। बताया गया कि वह CJP के विरोध में आया था। मौके पर मौजूद लोगों ने उसका विरोध किया, जिसके बाद उसे प्रदर्शन स्थल से बाहर कर दिया गया।
अमेरिका से लौटते ही आंदोलन में पहुंचे अभिजीत दीपके
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट से सीधे जंतर-मंतर पहुंचकर उन्होंने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया और आंदोलन को मजबूती देने का संदेश दिया। उनके पहुंचते ही समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
कॉकरोच डरते भी नहीं, कभी मरते भी नहीं: अभिजीत दीपके
जंतर-मंतर पर सभा को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा, “कॉकरोच डरते भी नहीं हैं और कभी मरते भी नहीं हैं।” उन्होंने इस नारे के जरिए अपनी पार्टी के संघर्ष और लगातार लड़ाई जारी रखने के संकल्प को दोहराया। CJP का कहना है कि परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































