बलिया: बलिया जनपद के उभांव थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है. उपजिलाधिकारी की कार्रवाई के दावों के बावजूद खनन माफियाओं के हौसले बुलंद है, जिससे स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है.
दबंगई से आम जनता परेशान
मामला उभांव थाना क्षेत्र का है, जहां भू-माफियाओं की दबंगई से आम जनता परेशान है. खेराखास निवासी हसनैन, जो अब्दुल रहमान के पुत्र हैं, उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी भूमि आराजी संख्या 593 पर जबरन अवैध मिट्टी का खनन किया जा रहा है. पीड़ित ने बताया कि खनन माफियाओं ने दबंगई के बल पर जेसीबी मशीन का इस्तेमाल कर उनकी निजी जमीन से मिट्टी हटाई है, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है. विरोध करने पर दबंगों द्वारा मारपीट की धमकी दी जा रही है. बताया यह अवैध खनन का सिलसिला कई महीनों से जारी है.
Also Read: UP: स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, 10 दिन में फिटनेस टेस्ट अनिवार्य
न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित
हसनैन का कहना है कि उन्होंने न्याय के लिए हर दरवाजा खटखटाया है. उन्होंने उपजिलाधिकारी बेल्थरा रोड, जिला अधिकारी और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है लेकिन नतीजा शून्य रहा है. एक तरफ जहां पीड़ित अपनी जमीन के उजड़ने और धमकी मिलने के कारण न्याय की दरकार में भटक रहा है, वहीं दूसरी तरफ वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बेखौफ होकर ट्रैक्टर-ट्रालियों के जरिए मिट्टी ढोई जा रही हैं.
दोबारा मुख्यमंत्री को पोर्टल पर शिकायत
लगातार शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न होने से क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. अब पीड़ित में पुनः मुख्यमंत्री को पोर्टल के माध्यम से शिकायत पत्र भेज कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































