पुलिस भर्ती परीक्षा : फर्रुखाबाद में तीन दिन रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

फर्रुखाबाद : पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। शहर में 8 जून से शुरू होने वाली भर्ती परीक्षा के मद्देनजर अगले तीन दिनों तक भारी एवं मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा ताकि परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पुलिस प्रशासन के अनुसार जिले में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हजारों अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में शहर को जाममुक्त रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से यह विशेष योजना तैयार की गई है।

इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

कन्नौज-कानपुर रोड मार्ग:
कन्नौज की ओर से कानपुर रोड होते हुए फतेहगढ़ आने वाले सभी भारी एवं मालवाहक वाहन, जैसे ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डंपर और लोडर, को जिला जेल क्रॉसिंग से ही सेंट्रल जेल मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

Also Read – लखनऊ : विधानसभा ने कानपुर के अफसरों से विशेषाधिकार हनन मामले में रिपोर्ट तलब की, 15 दिन में मांगा जवाब

आईटीआई-लाल गेट मार्ग:
आईटीआई क्षेत्र से लाल गेट फव्वारा की ओर आने वाले सभी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

कादरी गेट एवं चौक मार्ग:
कादरी गेट से लाल गेट की ओर आने वाले मालवाहक वाहनों तथा लाल गेट फव्वारा से चौक की तरफ जाने वाले सभी बड़े वाहनों का प्रवेश भी तीन दिनों तक प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस ने की सहयोग की अपील

पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। प्रशासन का कहना है कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं तथा यातायात पुलिस विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों पर तैनात रहेगी, ताकि परीक्षा के दौरान आवागमन सुचारू बना रहे।

अधिकारियों के अनुसार यह व्यवस्था केवल परीक्षा अवधि तक प्रभावी रहेगी और परीक्षा संपन्न होने के बाद यातायात सामान्य रूप से संचालित किया जाएगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)