पूरे विधि-विधान से हुआ प्रतीक यादव का अस्थि विसर्जन, फूट-फूट कर रोई पत्नी अपर्णा, दोनों बेटियाँ भी रही मौजूद

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के भाई और दिवंगत मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव (Prateek Yadav) की अस्थियों का शनिवार को हरिद्वार के वीआईपी घाट पर पूरे सनातन रीति-रिवाज के साथ विसर्जन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तीर्थ पुरोहित पंडित शैलेश मोहन पांडेय ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। परिवार ने मां गंगा से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।

परिवार के सदस्य पहुंचे हरिद्वार

प्रतीक यादव का 13 मई को लखनऊ में कार्डियो-रेस्पिरेटरी कोलैप्स के चलते अचानक निधन हो गया था। शनिवार को उनकी पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव, बेटियां प्रथमा व पद्मजा, ससुर अरविंद सिंह बिष्ट और साले अमन सिंह बिष्ट अस्थियां लेकर हवाई मार्ग से देहरादून पहुंचे। वहां से पूरा परिवार सीधे हरिद्वार के वीआईपी घाट पहुंचा।

Also Read: दुख की घड़ी में यादव परिवार दिखा एकजुट, प्रतीक की बेटियों को संभालते नजर आए अखिलेश

भावुक माहौल में दी गई अंतिम विदाई

गंगा तट पर अस्थि विसर्जन के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा। परिवार के सदस्यों ने नम आंखों से प्रतीक यादव को अंतिम विदाई दी। घाट पर मौजूद लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और श्रद्धांजलि अर्पित की। समाजवादी परिवार से जुड़े कई पुराने समर्थक और कार्यकर्ता भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

बाबा रामदेव ने परिवार को बंधाया ढांढस

योगगुरु बाबा रामदेव भी विशेष रूप से हरिद्वार पहुंचे और अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया में शामिल हुए। उन्होंने अपर्णा यादव और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। बाबा रामदेव ने ईश्वर से परिवार को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की।

Also Read: ‘प्रतीक यादव अमर रहे…’, प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा शुरू, बैकुण्ठ धाम में अंतिम संस्कार

राजनीति से दूरी, फिटनेस और कारोबार में रुचि

महज 38 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाले प्रतीक यादव ने सक्रिय राजनीति से हमेशा दूरी बनाए रखी। इंग्लैंड की लीड्स यूनिवर्सिटी से MBA की पढ़ाई करने के बाद वह लखनऊ में रियल एस्टेट और फिटनेस व्यवसाय से जुड़े थे। उनके असामयिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर फैल गई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)