• खलीलाबाद विधायक ने ग्रामीणों की शिकायत विभाग के सामने उठाई, एक सप्ताह में देनी होगी रिपोर्ट
संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से कराए गए सड़क निर्माण और नवीनीकरण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद विभाग ने जांच के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों की शिकायत को भाजपा विधायक अंकुर राज तिवारी ने विभाग के समक्ष उठाया था। इसके बाद सात प्रमुख सड़कों की गुणवत्ता की स्थलीय जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की गई है। मुख्य अभियंता, बस्ती परिक्षेत्र आनंद कुमार के निर्देश पर गठित समिति में अधिशासी अभियंता शाकिर राव को अध्यक्ष और सहायक अभियंता VPN वर्मा को सदस्य बनाया गया है। समिति संबंधित सड़कों का मौके पर निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, इस्तेमाल की गई सामग्री और निर्धारित मानकों के अनुरूप हुए कार्य की जांच करेगी। समिति को अपनी रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर मुख्य अभियंता कार्यालय को सौंपनी होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Also Read –UP: सड़क किनारे मौत बनकर खड़े ट्रेलर में घुसी बाइक, 30 वर्षीय राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत
इन सात सड़कों की होगी जांच
जांच के दायरे में चुरेब-भाटपार से देवरिया लाल मुसरद के शेष भाग का निर्माण, पचपोखरी-दुधारा किमी-2 से बेला संपर्क मार्ग, नौरंगिया गौरयाभार से इमिलडीहा मार्ग, पिपरा गंगौली सरकारी ट्यूबवेल से एकमा मार्ग, मैनसिर-मोलनापुर से रौतापार मार्ग, एनएच-28 से चकमदार होते हुए चिलौना मार्ग का सामान्य मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य और सरौली-चेहल्लूम मार्ग शामिल हैं।
Also Read –UP: इटावा में BJP को झटका! मंडल मंत्री रहे गौरव सोनी सपा में शामिल, मिली जिला सचिव की जिम्मेदारी
मानकों की अनदेखी मिली तो तय होगी जिम्मेदारी
विभागीय पत्र के अनुसार, इन सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन्हें गंभीरता से लेते हुए स्थलीय जांच के निर्देश दिए गए हैं। पीडब्ल्यूडी संतकबीरनगर के अधिशासी अभियंता आरके पांडेय ने बताया कि जांच में यदि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी या गुणवत्ता में कमी सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।














