रायबरेली: चंद्रशेखर आजाद पर बरसे मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, बोले- एक सदस्य के दम पर सरकार नहीं बनती

रायबरेली: उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान एवं कृषि विपणन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह ने सांसद चंद्रशेखर आजाद द्वारा तीसरे मोर्चे के गठन और सरकार बनाने बिगाड़ने के दावों पर तीखा हमला बोला है। अपने आवास ‘पंचवटी’ पर आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने चंद्रशेखर के बयानों को ‘कोरी कल्पना’ और ‘अति उत्साह’ का परिणाम बताया।

प्रेसवार्ता में राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने चंद्रशेखर के बयानों पर तंज कसते हुए कहा कि अगर बच्चा पैदा होते ही बड़ी-बड़ी घोषणाएं करने लगे, तो यह अति उत्साह से अधिक और कुछ नहीं हो सकता। सिर्फ एक सदस्य के बूते उत्तर प्रदेश और भारत में अपनी या किसी और की सरकार बनाने का दावा करना पूरी तरह से कोरी कल्पना है।

Also Read: ‘बाबरी पर आंसू बहाने वाले कर रहे आस्था की बात…’,राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में विपक्ष पर भड़के CM योगी

उन्होंने आगे कहा कि वह चंद्रशेखर जी को शुभकामनाएं देते हैं कि वे समाज सेवा के क्षेत्र में मेहनत और परिश्रम करें। अभी राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में उन्हें और भी कई परीक्षाएं देनी बाकी हैं। उन परीक्षाओं में पास होकर वह उत्तर प्रदेश में एक अच्छे जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी पहचान बनाएं, न कि सरकार बनाने और बिगाड़ने के खोखले दावे करें।

राम मंदिर के मुद्दे और एसआईटी जांच पर चंद्रशेखर द्वारा उठाए गए सवालों के जवाब में राज्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने की स्वतंत्रता है, लेकिन उन्हें यह सोचना चाहिए कि अगर वे एसआईटी जैसी जांच एजेंसियों पर भरोसा नहीं करेंगे, तो जनता उन पर क्यों भरोसा करेगी? उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि जब आप किसी की तरफ एक उंगली उठाते हैं, तो तीन उंगलियां खुद आपकी तरफ उठती हैं। माननीय सांसद जी को यह ध्यान रखना चाहिए कि अगर वह जांच एजेंसियों को नकारेंगे, तो उन्हें भी नकारने वाले लोग इसी पावन भूमि पर मौजूद हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)