बाराबंकी में दूसरे दिन भी बारिश का दौर जारी, तेज हवाओं और लगातार फुहारों से बदला मौसम

बाराबंकी: जनपद में बृहस्पतिवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। जिले की विभिन्न तहसीलों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। कई स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश होने से मौसम में अचानक ठंडक बढ़ गई। लगातार दूसरे दिन बारिश होने से आम जनजीवन भी प्रभावित नजर आया।

रामनगर, फतेहपुर, नवाबगंज, हैदरगढ़, रामसनेहीघाट और सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्रों में बारिश का असर दिखाई दिया। सुबह से ही मौसम खराब रहने के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण सड़कों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा आवाजाही भी कम दिखाई दी। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग बारिश से बचने के लिए घरों में ही रहे।

ALSO READ: UP: चलती ट्रेन से गिरकर बिहार के युवक की दर्दनाक मौत, बरेली से दिल्ली की ओर जा रहा था शख्स

लगातार हो रही बारिश का असर किसानों की चिंता पर भी पड़ा है। इस समय जिले के कई क्षेत्रों में धान की फसल पकने की अवस्था में है। खेतों में धान की बालियां निकल चुकी हैं और अनेक स्थानों पर फसल कटाई की तैयारी की ओर बढ़ रही है। किसानों का कहना है कि हल्की बारिश से पहले फसल को लाभ मिल रहा था, लेकिन यदि तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश जारी रही तो पकने की कगार पर खड़ी धान की फसल के गिरने का खतरा बढ़ सकता है।

Also Read: UP 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती : बेसिक शिक्षा परिषद दोबारा तैयार करेगी नई चयन सूची

रामनगर क्षेत्र के किसान महेश, देव कुमार, ऋषि कुमार और त्रिवेणी ने बताया कि दो दिनों से बारिश हो रही है। हवा के तेज झोंकों से धान की खड़ी फसल गिरने की आशंका है। किसानों का कहना है कि यदि फसल खेत में गिर गई तो कटाई में परेशानी के साथ उत्पादन पर भी असर पड़ सकता है।

वहीं बारिश से मौसम में आई ठंडक के कारण लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। लगातार बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है। अब किसानों की नजर मौसम के अगले रुख पर टिकी हुई है। किसान चाहते हैं कि तेज हवाओं का दौर थमे और मौसम साफ हो, ताकि खेतों में खड़ी धान की फसल को नुकसान से बचाया जा सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)