बहराइच में चैन स्नैचिंग का 72 घंटे में खुलासा, मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र छिनैती की घटना का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। देर रात क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम और थाना फखरपुर पुलिस की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके दूसरे साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार 21 सितंबर को कोठारा गांव के पास ई-रिक्शा से जा रही महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने मंगलसूत्र छीन लिया था। जांच के दौरान कैमरों की फुटेज और मुखबिर तंत्र से आरोपियों की पहचान सलमान और उसके भाई आरिफ उर्फ तस्लीम के रूप में हुई।

ALSO READ: UP: चलती ट्रेन से गिरकर बिहार के युवक की दर्दनाक मौत, बरेली से दिल्ली की ओर जा रहा था शख्स

24 सितंबर की देर रात गांधी घाट, भागल गांव के पास पुलिस ने दोनों को घेरने का प्रयास किया। आरोप है कि एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सलमान के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि आरिफ को पीछा कर दबोच लिया गया।

Also Read: UP 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती : बेसिक शिक्षा परिषद दोबारा तैयार करेगी नई चयन सूची

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 बोर का तमंचा, खोखा व जिंदा कारतूस, चोरी की अपाचे बाइक और लूटा गया मंगलसूत्र बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

मुठभेड़ की सूचना पर एसपी बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)