सहारनपुर: भाजपा ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, 151 फीट लंबे तिरंगे ने खींचा ध्यान

UP: सहारनपुर में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को महानगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम से हुई। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने 151 फीट लंबा तिरंगा थामकर यात्रा में हिस्सा लिया, जो लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। पूरे मार्ग पर देशभक्ति के नारों और उत्साह का माहौल दिखाई दिया।

शहीदों को श्रद्धांजलि देने निकली यात्रा

भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पार्टी की ओर से देशभर में तिरंगा यात्रा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 से 12 अगस्त तक मंडल स्तर पर यात्राएं आयोजित की गईं, जबकि 13 अगस्त को महानगर और जिले की संयुक्त तिरंगा यात्रा निकाली गई। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को नमन करने के साथ युवा पीढ़ी को उनके त्याग और बलिदान से परिचित कराना है।

Also Read: UP: वाराणसी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, बच्चों ने दिखाई देशभक्ति की अनोखी झलक

भगत सिंह की प्रतिमा पर अर्पित किए फूल

स्टेडियम से रवाना हुई तिरंगा यात्रा घंटाघर पहुंची। यहां जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद यात्रा दीवानी कचहरी और कलेक्ट्रेट के रास्ते आगे बढ़ी। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति का संदेश दिया और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया।

गांधी पार्क में यात्रा का समापन

तिरंगा यात्रा का समापन गांधी पार्क स्थित लीला भवन में हुआ। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके बाद विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में मौन जुलूस भी निकाला जाएगा। पार्टी की ओर से 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान भी चलाया जा रहा है।

Also Read: UP: सुल्तानपुर में निकली तिरंगा यात्रा, पुलिसकर्मियों के साथ छात्राओं ने लिया हिस्सा

हर घर तिरंगा फहराने की अपील

अजीत राणा ने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त की शाम झंडा संहिता का पालन करते हुए घरों पर लगाए गए तिरंगे को सम्मान के साथ उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले वीरों की कुर्बानी का प्रतीक है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)