मुजफ्फरपुर में दिन निकलते ही सनसनीखेज वारदात, 50 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर में दिन निकलते ही सनसनीखेज वारदात, 50 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। साइकिल से पिन्ना रोड पर जा रहे व्यक्ति को अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाते हुए गोली मार दी। गोली लगने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व शाहपुर थाना क्षेत्र के किनौनी गांव से एक बालिग युवक और युवती प्रेम संबंधों के चलते घर से चले गए थे। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को जेल भेज दिया था, जबकि युवती फिलहाल नारी निकेतन में है। आज साइकिल से जा रहे उसी युवक के पिता को गोली मारकर हत्या किए जाने से मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है।

Also Read: UP: घर में अकेली थी 15 वर्षीय किशोरी, आरोपी ने किया दुष्कर्म, महीनों बाद मां के सवाल से खुला राज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी संजय कुमार वर्मा और एसपी सिटी अमृत जैन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाके में जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में टीमें जुटाई गई हैं।

हत्या की वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। प्रेम प्रसंग से जुड़े पुराने मामले को हत्या की वजह से जोड़कर भी जांच की जा रही है। हालांकि हत्या के वास्तविक कारण और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)