UP: इटावा विकास खंड बसरेहर में एडीओ पंचायत प्रशांत पोरवाल को हटाने की मांग को लेकर ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी संघ का धरना सातवें दिन भी जारी रहा। सचिवों ने साफ कर दिया है कि जब तक प्रशांत पोरवाल को बसरेहर से हटाने का आदेश जारी नहीं होता, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
सचिवों के मुताबिक, इससे पहले 17 से 20 अगस्त तक भी कार्य बहिष्कार किया गया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने श्याम वरन राजपूत को एडीओ पंचायत का कार्यभार सौंपा था। हालांकि कुछ दिनों बाद प्रशांत पोरवाल के दोबारा बसरेहर पहुंचने के बाद सचिवों ने 7 सितंबर से फिर धरना शुरू कर दिया।
Also Read: UP: हाथरस सादाबाद में गरजे राकेश टिकैत, किसान महापंचायत में सरकार पर साधा निशाना
जिला अध्यक्ष पूरन सिंह और दीपक यादव ने बताया कि 10 सितंबर को दोनों संवर्गों की बैठक में आंदोलन को जिला स्तर तक ले जाने का निर्णय लिया गया था। अधिकारियों की ओर से 14 सितंबर को प्रशांत पोरवाल को हटाने का आदेश जारी करने का आश्वासन दिया गया था। आदेश जारी न होने से सचिवों में नाराजगी बनी हुई है।
संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशांत पोरवाल को हटाने का आदेश जारी नहीं हुआ तो आज सुबह 10:30 बजे से विकास भवन परिसर में दोनों संवर्गों के सचिव धरना शुरू करेंगे। सचिवों के कार्य बहिष्कार से विकास कार्यों और पंचायत संबंधी कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। धरने में आलोक चौहान, समीउद्दीन, प्रदीप कुमार, नीरज यादव, शिवम कुमार, ज्योति यादव, प्रीति, सौरभ कुमार, सुशील कुमार, मृदुल शर्मा और धर्मेंद्र यादव समेत कई सचिव मौजूद रहे।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































