UP: बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर केजीएन रॉयल ढाबा के निकट एक ट्रेलर और डंपर की टक्कर से यातायात बाधित हो गया। गिट्टी से लदा ट्रेलर बहराइच की ओर जा रहा था, तभी अचानक नियंत्रण खो बैठा और आगे चल रहे डंपर से जा भिड़ा। टक्कर के बाद दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा, जबकि डंपर चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
अचानक ब्रेक लगने से बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हादसे के समय सामने की लेन से बस समेत कई वाहन गुजर रहे थे। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ट्रेलर चालक ने वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ गया और ट्रेलर डंपर से टकरा गया। चालक का कहना है कि इसी दौरान वाहन में तकनीकी खराबी आ गई और ब्रेक ने भी जवाब दे दिया, जिससे दुर्घटना टालना संभव नहीं हो सका।
Also Read: UP: मथुरा हाईवे पर एक हफ्ते से अंधेरा, बंद स्ट्रीट लाइटों ने बढ़ाया हादसों का खतरा
चालक ने बताई हादसे की वजह
ट्रेलर चालक तौसीब, जो बहराइच के फखरपुर का रहने वाला है, ने बताया कि वह लखनऊ से गिट्टी लेकर बहराइच जा रहा था। सामने अचानक बने हालात से बचने के प्रयास में ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बावजूद सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई।
एक घंटे तक प्रभावित रहा यातायात
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरू किया। जाम अधिक बढ़ने पर पुलिस ने पुराने गणेशपुर-लखनऊ-बहराइच मार्ग से वाहनों का डायवर्जन कराया, जिससे धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।
Also Read: UP: रायबरेली में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
पुलिस ने संभाली स्थिति
रामनगर थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि दो भारी वाहनों की टक्कर के कारण हाईवे पर जाम लग गया था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात पूरी तरह बहाल करा दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और स्थिति अब सामान्य है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)











































