असलहे के बल पर लूट करने वाले चार बदमाश 24 घंटे में गिरफ्तार, तमंचा और नकदी बरामद

सुल्तानपुर : जनपद के थाना अखण्डनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने असलहे के बल पर महिला से लूट की घटना को अंजाम देने वाले चार अभियुक्तों को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पाजेब, नगदी, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कादीपुर के नेतृत्व में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना अखण्डनगर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कमिया बहाउद्दीनपुर के पास गिधौना मार्ग से चार अभियुक्तों को बुधवार देर रात करीब 11:50 बजे गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में सत्यम कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी कम्मरपुर थाना सरपतहा जनपद जौनपुर, दीपक कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी दुखई का पुरवा थाना सरपतहा जनपद जौनपुर, अनुराग पुत्र संतलाल निवासी कम्मरपुर थाना सरपतहा जनपद जौनपुर तथा विवेक कुमार पुत्र मुकेश निवासी दुखई का पुरवा थाना सरपतहा जनपद जौनपुर शामिल हैं। सभी आरोपियों की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

Also Read : बीटेक पास शातिर इंजीनियर गिरफ्तार, अश्लील कंटेंट बेचकर कमाए 1.20 करोड़ रुपये

पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को एक महिला ने थाना अखण्डनगर में तहरीर देकर बताया था कि मोटरसाइकिल सवार तीन-चार अज्ञात बदमाशों ने असलहा सटाकर उसके सोने-चांदी के जेवर लूट लिए थे। मामले में थाना अखण्डनगर में मुकदमा संख्या 113/2026 धारा 309(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज किया गया था।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक जोड़ी सफेद धातु की पाजेब, चार हजार रुपये नगद, एक अवैध .315 बोर तमंचा, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल नंबर UP44 BN 9975 बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/61(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संतोष कुमार राय, कांस्टेबल योगेंद्र कुमार, दीपक कुमार, रिक्रूट कांस्टेबल नीरज कुमार और आनंद वर्धन शामिल रहे। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)