बरेली। जिले के फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में कुछ दिनों पहले चोरों ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बन गया। अज्ञात बदमाशों ने पुलिस गश्त को खुली चुनौती देते हुए अलग-अलग मोहल्लों में तीन घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। एक ही रात में हुई इस सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे पुलिस ने कार्यवाही करते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पिछले मंगलवार को चोरों ने पहली घटना को अंजाम वार्ड नंबरी 7 में दिया जहां रहने वाली लीलावती अपने परिवार सहित रिश्तेदारी में शादी समारोह में गई हुई थीं। घर सूना पाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर अलमारी खंगाल डाली। चोर यहां से सोने की चेन, तीन अंगूठियां, कुंडल, चांदी के जेवर, 25 हजार रुपये नकद और कपड़ों से भरे दो ट्रॉली बैग लेकर फरार हो गए। सुबह करीब 5 बजे पड़ोसियों ने दरवाजा टूटा देखा तो घटना की जानकारी हुई।
दूसरी घटना मोहल्ला अंसारी की है, जहां राजेश्वरी के घर को निशाना बनाया गया। यहां से चोरों ने दो मंगलसूत्र, एक अंगूठी, पांच जोड़ी पायल, चांदी के सिक्के और करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
तीसरी वारदात मोहल्ला भिटौरा में सामने आई, जहां नवनीत गंगवार के घर में घुसकर चोर पांच जोड़ी पायल, एक मंगलसूत्र, 20,900 रुपये नकद और एक एलसीडी टीवी उठा ले गए। लगातार तीन घरों में चोरी की घटनाओं से यह साफ है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्हें इलाके की स्थिति की पूरी जानकारी थी।
पुलिस पर उठे सवाल, गश्त व्यवस्था पर नाराजगी
घटनाओं की जानकारी मिलते ही पीड़ितों ने तत्काल ‘112’ नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि, एक ही रात में तीन बड़ी चोरी की घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवालिया निशान लगा दिया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से पुलिस गश्त नाममात्र की है, जिसका फायदा उठाकर चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों में इस बात को लेकर रोष है कि जब एक ही रात में तीन घर सुरक्षित नहीं रह सके, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी।
Also Read: ‘यूपी में जल्द बनेगा ‘दूसरा नोएडा…’, सीएम योगी ने इस शहर को लेकर कर दिया बड़ा ऐलान
इलाके में बढ़ा डर, लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से फतेहगंज पश्चिमी के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कई परिवारों ने रात में जागकर पहरा देना शुरू कर दिया है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध लोगों की जांच की जाए और जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।
थाना प्रभारी फतेहगंज पश्चिमी प्रयागराज सिंह ने बताया कि मामले में आज अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जल्द ही सबको पकड़कर जेल भेजा जायेगा












































