अदालत की बिजली काटने की थी तैयारी! रायबरेली पुलिस ने 36 लाख के केबल चोरी करने वाले 2 शातिरों को दबोचा

रायबरेली। शहर के कोतवाली नगर क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ज़िला न्यायालय के लिए बिछाई जाने वाली हाई-वोल्टेज अंडरग्राउंड विद्युत लाइन के केबलों पर हाथ साफ करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 36 लाख रुपये की अनुमानित कीमत के 3 भारी-भरकम बंडल केबलों के साथ दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

​रात के अंधेरे में रची गई थी बड़ी साजिश

​मामले का खुलासा करते हुए सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि बीते 25 अप्रैल की रात को शातिरों ने रेलवे लाइन के पास रखे तीन ड्रम केबल को दो ट्रकों में लादकर चोरी करने का प्रयास किया था। ये केबल 33 KV अंडरग्राउंड विद्युत लाइन बिछाने के लिए रखे गए थे। इस संबंध में अवर अभियंता रंजीत कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जाल बिछाया था।

Also Read : बरेली में साप्ताहिक बाजार जाते युवक पर जानलेवा हमला, तीन नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

​चेकिंग के दौरान धरे गए आरोपी

​एसपी रवि कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, मंगलवार को कोतवाली पुलिस टीम त्रिपुरा चौकी के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की और दो अभियुक्तों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सूर्यमणि शर्मा और बद्री (दोनों निवासी अयोध्या जनपद) के रूप में हुई है।

​संजय पासी ने दिया था चोरी का ‘कॉन्ट्रैक्ट’

​पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जो खुलासा किया, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने यह चोरी संजय पासी नाम के व्यक्ति के कहने पर की थी। वारदात के वक्त बिजली विभाग के कर्मचारियों को आता देख मुख्य साजिशकर्ता संजय पासी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया था, जबकि ये दोनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)