कमरे में फंदे से लटका मिला महिला का शव, पास ही सो रही थी चार वर्षीय बेटी

कायमगंज, फर्रुखाबाद : कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम प्रेमनगर में रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। 35 वर्षीय महिला का शव सोमवार सुबह उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के समय उसकी चार वर्षीय बेटी उसी कमरे में मां के पास सो रही थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य मकान की छत पर सो रहे थे। सुबह शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम प्रेमनगर निवासी ममता पत्नी संजीव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ममता का पति संजीव तथा उसके तीन भाई रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। घर पर वृद्ध ससुर ओमप्रकाश, सास श्यामा देवी और बच्चे ही रहते हैं।

परिजनों के मुताबिक सोमवार सुबह करीब छह बजे श्यामा देवी जब अपने दैनिक कार्यों से निवृत्त होकर कमरे में पहुंचीं तो उन्होंने बहू ममता को फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखते ही उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर छत पर सो रहे अन्य परिजन नीचे पहुंचे और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए।

Also Read : कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, मांगें पूरी न होने पर लखनऊ में आंदोलन की चेतावनी

घटना की सूचना मिलते ही कायमगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य संकलित किए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ममता की अचानक हुई मौत से परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। परिजनों का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद या तनाव नहीं था। मृतका के ससुर ओमप्रकाश ने बताया कि आगामी 17 जून को ममता के मामा के बेटे की शादी होने वाली थी। इस कार्यक्रम को लेकर वह काफी उत्साहित थी और एक दिन पहले ही बाजार जाकर शादी के लिए कपड़े व अन्य सामान खरीदकर लौटी थी। ऐसे में उसकी मौत ने परिवार को पूरी तरह झकझोर दिया है।

ग्रामीणों के बीच भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Also Read : फर्रुखाबाद के 21 मेधावियों का हुआ सम्मान, दो छात्राओं को लखनऊ में मिला प्रदेश स्तरीय सम्मान

प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि परिजनों की ओर से कोई तहरीर दी जाती है तो उसके आधार पर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)