उत्तर प्रदेश के मेरठ में दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के दो खंड का लोकार्पण रविवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने किया। इसमें मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 23 किलोमीटर का रैपिड रेल-मेट्रो कॉरिडोर है। वहीं, 5 किलोमीटर का रैपिड रेल कॉरिडोर दिल्ली में न्यू अशोक नगर से सराय काले खां के बीच का दूसरा सेक्शन भी शुरू हो गया है। इसी के साथ 82 किलोमीटर लंबे आरआरटीएस कॉरिडोर पर नमो भारत दौड़ने लगा है। पीएम मोदी ने नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन कार्यक्रम स्थल पर बटन दबाकर किया। इससे पहले उन्होंने शताब्दीनगर स्टेशन पर मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने AI समिट में कपड़े उतारकर प्रदर्शन करने को लेकर कांग्रेस पर भड़क गए। मेरठ में रविवार को जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI सम्मेलन हुआ। पूरा देश गर्व से भर गया, लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने क्या किया? वैश्विक आयोजन को गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर पहुंच गए।
मोदी ने कहा-मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं- देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो। फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी? कांग्रेस के नेताओं ने जो कुछ किया, वो दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी वैचारिक रूप से कितनी दिवालिया और दरिद्र हो गई है।
मोदी ने कहा- देखिए दिल्ली में जो हुआ, क्या उसमें TMC, DMK या बसपा के लोगों ने पाप किया… नहीं किया। सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस के सरफिरे और बेलगाम नेता देश को तबाह करने पर तुले हैं। अगर आपको प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठना है तो पहले आपको लोगों के दिल जीतने होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठने से पहले जनता का दिल जीतना पड़ता है। महिला सांसदों को आगे कर सीट पर कब्जा कर प्रधानमंत्री नहीं बना जा सकता। पीएम मोदी ने कांग्रेस से सवाल पूछा- क्या आप इतने खोखले हो गए हैं कि माताओं-बहनों को इसके लिए आगे कर रहे हो? कांग्रेस देश के लिए बोझ बन गई है और उसकी राजनीति जनभावनाओं से कट चुकी है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने योगी आदित्यनाथ सरकार की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि योगी जी के नेतृत्व में यूपी देश का बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब बन रहा है। मुझे यहां सेमीकंडक्टर यूनिट का उद्घाटन करने का मौका मिला। भाजपा की डबल इंजन सरकार ऐसे ही प्रदेश को देश की सबसे बड़ी इकॉनमी बनाने के लिए काम करेगा। प्रदेश में यह बदलाव कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार के कारण आया है। प्रदेश में सरकार ने अपराधियों पर लगाम लगाने के कठोर कदम उठाए हैं। आज अपराधी जेल की सलाखों के पीछे हैं। अगर कोई बहन-बेटी के साथ अपराध करने की सोचता है, उसे कानून की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की बेहतर स्थिति के कारण प्रदेश में विकास की राह खुली है।
INPUT-ANANYA MISHRA







































