मथुरा: मथुरा-वृंदावन मार्ग पर वात्सल्य ग्राम के सामने सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार 42 वर्षीय किशन सिंह की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, रॉन्ग साइड से आ रही बस ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में किशन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया गया कि अक्रूर गांव निवासी किशन सिंह पापड़ी चौराहे पर सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह रोजाना की तरह स्कूटी से दुकान जा रहे थे। इसी दौरान वात्सल्य ग्राम के सामने हादसा हो गया। घटना की सूचना पर ग्रामीण मौके पर जुट गए और आक्रोशित होकर शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
इससे मथुरा-वृंदावन मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खोज रही है ताकि बस चालक को पकड़ा जा सके पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है साथ ही मृतक के परिजनों को उचित कार्यवाही का आश्वासन भी दिया है। वही पीड़ित परिवार इस घटना से आहत है। स्थानीय लोगो मे भी इस घटना को लेकर रोष व्याप्त हो गया था
क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को मुआवजा और चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मृतक के परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है।














