पुलिस मुठभेड़ में तीन शातिर अपराधी गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

इटावा : जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बकेवर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए। आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध तमंचे, कारतूस और नकदी बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना बकेवर पुलिस 8 जून 2026 को इकनौर तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्ध युवक इकनौर तिराहे की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में सतर्कता बढ़ाते हुए सघन चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए ग्राम इकनौर की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल दूसरी मोबाइल टीम को सूचना देकर क्षेत्र की घेराबंदी करा दी।

Also Read – ‘मारीच और सुबाहु लैंड जिहादी थे…’, श्रीरामकथा में सीएम योगी बोले- जिनका भी DNA भारतीय है, उनको भगवान राम से प्रेम

दोनों ओर से पुलिस टीमों से घिर जाने पर बदमाशों ने दोबारा फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में आशीष कुमार उर्फ भोला के बाएं पैर तथा राज उर्फ कौशल के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों समेत उनके साथी शिवा को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त एक अपाचे मोटरसाइकिल, तीन अवैध तमंचे (.315 बोर), छह जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, एक मिस कारतूस तथा 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। अपाचे मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज उर्फ कौशल (22), आशीष कुमार उर्फ भोला (22) और शिवा (19) निवासी थाना बकेवर क्षेत्र, जनपद इटावा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)