रायबरेली: बछरांवा थाना क्षेत्र के कसरॉवा गांव निवासी 22 वर्षीय युवक रामसमुझ की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार सुबह नगर पंचायत कार्यालय के पीछे रेलवे ट्रैक पर उसका क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंगलवार रात से घर से था लापता
परिजनों के अनुसार रामसमुझ मानसिक रूप से कमजोर था और मंगलवार रात अचानक घर से कहीं चला गया था। उसके गायब होने के बाद परिवार के लोग पूरी रात उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। परिवार को उम्मीद थी कि वह जल्द ही वापस लौट आएगा।
Also Read: UP: 16 वर्षीय किशोरी को भगाने का आरोपी गुलफाम गिरफ्तार, दिल्ली में साथ कर रहे थे मजदूरी
सुबह ग्रामीणों ने देखा शव
बुधवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर रेलवे ट्रैक पर पड़े एक शव पर पड़ी। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर बछरांवा थाने के प्रभारी निरीक्षक श्याम लाल पाल पुलिस टीम के साथ पहुंचे और शव की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की। बाद में मृतक की पहचान रामसमुझ के रूप में हुई।
पहले भी हो चुका था लापता
परिजनों ने बताया कि करीब तीन महीने पहले भी रामसमुझ अचानक घर से गायब हो गया था। उस समय उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बछरांवा थाने में दर्ज कराई गई थी। काफी खोजबीन के बाद वह कानपुर में सकुशल मिल गया था। इसी वजह से परिवार को इस बार भी उसके सुरक्षित लौटने की उम्मीद थी, लेकिन सुबह उसकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर दिया।
Also Read: UP: घर में साड़ी के फंदे से लटकी मिली 22 वर्षीय विवाहिता, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
थाना प्रभारी श्याम लाल पाल ने बताया कि शुरुआती जांच में युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

















































