UP: रामगंगा के तेज कटान से मंदिर को पहुंची क्षति, डीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

UP: बरेली जनपद मीरगंज रामगंगा नदी के तेज कटान से कपूरपुर गांव में मंदिर को हुई क्षति का रविवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उनके साथ एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह भी मौजूद रहीं। डीएम ने बाढ़ खंड के अधिकारियों, मीरगंज एसडीएम और ग्राम प्रधान हरीश लोधी से मौके पर मौजूद रहकर कटान की स्थिति और मंदिर को बचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से जानकारी ली।

डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि पिछले कई दिनों से जिले में लगातार बारिश होने के कारण रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। तेज बहाव और कटान के चलते कपूरपुर स्थित मंदिर को नुकसान पहुंचा है। हालांकि बाढ़ खंड के कर्मचारियों और ग्रामीणों की ओर से लगातार किए जा रहे बचाव कार्यों के कारण मंदिर अभी अपनी जगह खड़ा हुआ है।

ALSO READ: UP: मुजफ्फरनगर में विवाहिता हत्याकांड में बड़ा फैसला, दोषी पति को फांसी, एक लाख रुपये जुर्माना भी

उन्होंने कहा कि प्रशासन को उम्मीद है कि सामूहिक प्रयासों से मंदिर को सुरक्षित बचा लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मां रामगंगा की पूजा-अर्चना भी की और मंदिर की सुरक्षा के लिए आशीर्वाद मांगा।

डीएम ने बताया कि रामगंगा के कटान से ग्रामीणों की काफी जमीन नदी में समा चुकी है। जलस्तर कम होने और ठंड के मौसम में पानी घटने के बाद क्षेत्र में आवश्यक खुदाई और तकनीकी कार्य कराए जाने की योजना बनाई जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि नदी के बहाव और कटान को नियंत्रित करने के प्रभावी उपाय किए जा सकें।

ALSO READ: Varanasi: प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से था नाराज, गला दबाकर की हत्या, एनकाउंटर में हुआ अरेस्ट

उन्होंने कहा कि लगातार कटान के कारण आगे बने पुल की सड़क पर भी खतरा उत्पन्न होने की आशंका है। प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। जल्द ही कलेक्ट्रेट में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक बुलाकर पुल और सड़क को कटान से सुरक्षित रखने की रणनीति बनाई जाएगी।

डीएम ने कहा कि प्रकृति के सामने मानव प्रयास सीमित हो सकते हैं, लेकिन प्रशासन अपनी ओर से कोई कमी नहीं छोड़ेगा। मंदिर को बचाने और कटान से प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए बाढ़ खंड और प्रशासन लगातार प्रयासरत है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)