Home UP News यूपी-112 और फायर ब्रिगेड ने झोंकी पूरी ताकत, मगर अंधे कुएं से...

यूपी-112 और फायर ब्रिगेड ने झोंकी पूरी ताकत, मगर अंधे कुएं से जिंदा नहीं निकल सकी गाय

जसवंतनगर, इटावा: बलरई थाना क्षेत्र के नगला तौर से सरामई जाने वाले पुराने मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव निवासी दिलीप राजावत की गाय घास चरते समय रास्ते किनारे स्थित एक परित्यक्त अंधे कुएं में गिर गई। सूचना मिलते ही यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिल सकी।

स्थिति गंभीर होने पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों के पहुंचने के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से करीब तीन घंटे तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। गहरे और संकरे कुएं के कारण बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। काफी मशक्कत के बाद जब टीम गाय तक पहुंची, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना से पशुपालक परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।

Also Read: UP: GST ऑफिस में व्यापारियों का हंगामा, 12 सूत्रीय मांगों को लेकर अधिकारियों से तीखी नोकझोंक

हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि क्षेत्र में कई पुराने और खुले अंधे कुएं आज भी बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के मौजूद हैं, जो आए दिन पशुओं और राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।

ग्रामीण दिलीप, विवेक, राहुल, आनंद, गोलू, रामू, रिंकू, मोनू, योगेश, रमेश और पप्पू समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्रीय लेखपालों के माध्यम से सभी परित्यक्त और अंधे कुओं का सर्वे कराया जाए। साथ ही उनका सीमांकन कर उन्हें मिट्टी से भरवाया जाए अथवा चारदीवारी, सुरक्षा जाल और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)