इटावा: थाना ऊसराहार क्षेत्र के ग्राम गंगदासपुरा में छह वर्षीय बालक के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया। मासूम अंश 20 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे से लापता बताया जा रहा है। बालक के लापता होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।
बताया गया है कि अंश बोल नहीं पाता है और मानसिक रूप से कमजोर है, जिसके चलते परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। घटना के समय बालक के शरीर पर कोई वस्त्र नहीं था। ग्रामीणों के अनुसार बालक को आखिरी बार गांव के कुछ लोगों ने तालाब के किनारे देखा था। इसके बाद वह कहां गया, इसकी जानकारी किसी को नहीं है।
बालक के लापता होने की सूचना मिलते ही थाना ऊसराहार पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तालाब सहित आसपास के संभावित स्थानों पर बालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस द्वारा ग्रामीणों से जानकारी जुटाने के साथ ही हर संभावित दिशा में खोजबीन की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त बालक कहीं दिखाई दे या उसके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल थाना ऊसराहार, जनपद इटावा को सूचित करें।
मासूम की तलाश में पुलिस के साथ ग्रामीण भी जुटे हैं। अब हर किसी की नजर इस बात पर है कि अंश कब सुरक्षित अपने परिवार के बीच लौटता है।
















































