Chandauli: दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस में बिना टिकट सफर कर रही महिला और टिकट चेकिंग स्टाफ के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। महिला ने टीटी पर कपड़े उतारने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और बाद में खुद ही अपने कपड़े फाड़ लिए। सामने बैठे एक यात्री ने पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद घटना का दूसरा पक्ष भी रेलवे अधिकारियों के सामने आया।
जानिए क्या है पूरा मामला?
बताया गया कि 17 सितंबर को दानापुर से सिकंदराबाद जा रही ट्रेन में टिकट चेकिंग के दौरान महिला से टिकट मांगा गया। टिकट नहीं मिलने पर उसे टिकट बनवाने के लिए कहा गया। इसके बाद महिला सेकेंड एसी कोच से निकलकर थर्ड एसी कोच में जाकर बैठ गई। चेकिंग स्टाफ वहां पहुंचा तो महिला अपनी बच्ची के साथ मौजूद थी। अधिकारियों के अनुसार, कई बार कहने के बावजूद उसने तत्काल टिकट नहीं बनवाया।
वायरल वीडियो में महिला और टीटी के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। महिला पैसे देने की बात कहती है, जबकि चेकिंग स्टाफ वैध टिकट बनवाने की बात करता है। इसके बाद महिला अपने भाई को फोन करने और रेलवे हेल्पलाइन पर शिकायत करने की बात कहती सुनाई देती है। कुछ देर बाद वह कथित तौर पर अपने कपड़े खुद फाड़ने लगती है और टीटी को फंसाने की बात भी कहती है। ट्रेन के करीब शाम चार बजे डीडीयू जंक्शन पहुंचने पर रेलवे कंट्रोल की सूचना पर RPF की महिला टीम ने महिला को ट्रेन से उतारकर पूछताछ की। इसी दौरान यात्री ने रिकॉर्ड किया वीडियो रेलवे स्टाफ को दिखाया। रेलवे के PRO विश्वनाथ के मुताबिक, जांच में महिला के पास टिकट नहीं मिला। बाद में उससे निर्धारित जुर्माना लेकर टिकट बनाया गया और उसे जाने दिया गया। उन्होंने चेकिंग स्टाफ द्वारा महिला से बदसलूकी किए जाने के आरोप से इनकार करते हुए कहा कि कार्रवाई रेलवे नियमों के तहत की गई।

















































