UP: सड़क हादसे में 65 वर्षीय किसान की मौत, एक माह में पिता-पुत्र की मौत से परिवार में मातम

UP: हाथरस के सासनी क्षेत्र में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय किसान रामबाबू सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि रामबाबू सिंह साइकिल से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान गांव सठिया के निकट गैस एजेंसी के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि किसान की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पाकर सासनी कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके।

जौनपुर: एडेड कॉलेजों के शिक्षकों का फूटा गुस्सा, मानदेय बढ़ाने और सेवा विनियमित करने की मांग

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सबसे दर्दनाक बात यह है कि परिवार ने महज एक महीने के भीतर अपने पिता और बेटे को सड़क हादसे में खो दिया है। बताया गया है कि करीब एक महीने पहले 31 अगस्त को रामबाबू सिंह के बेटे माधव की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। यह हादसा मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र में हुआ था।

ALSO READ: Saharanpur में कांग्रेसियों का कलेक्ट्रेट पर हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की में जिलाध्यक्ष का फटा कुर्ता

एक महीने के भीतर पिता-पुत्र की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। परिजनों का कहना है कि घर में दो बार अर्थी उठने से पूरा परिवार सदमे में है। रामबाबू सिंह परिवार के लिए बड़ा सहारा थे। उनके निधन के बाद अब परिवार की जिम्मेदारी उनके तीन बेटों के कंधों पर आ गई है।

फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस हादसे की जांच आगे बढ़ा रही है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )