UP: पीलीभीत जिले की रहने वाली एक युवती के ग्रेटर नोएडा में कथित तौर पर मतांतरण और बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। युवती के परिजनों ने मुस्लिम युवक मिसरयार खां पर ब्रेनवाश कर अपने साथ रखने और उसका मतांतरण कराने का आरोप लगाया है। आरोप है कि युवक और उसके भाई ने घर लौटने के बाद युवती को दोबारा जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मिसरयार खां, शहरयार खां समेत एक अज्ञात के खिलाफ अपहरण, मारपीट और उत्तर प्रदेश धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
नौकरी के दौरान हुई थी आरोपी से पहचान
बताया गया कि पीलीभीत के एक गांव की युवती ग्रेटर नोएडा में रहकर नौकरी करती थी। इसी दौरान उसी क्षेत्र में जरी का काम करने वाले मिसरयार खां से उसकी जान-पहचान हुई। परिजनों का आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपी ने युवती को अपने प्रभाव में लेकर उसका कथित तौर पर मतांतरण करा दिया और उसे एक कमरे में रखकर बाहर आने-जाने पर रोक लगा दी। युवती का आरोप है कि उसे बुर्का पहनाया गया और लोगों से बातचीत करने पर भी पाबंदी थी।
Also Read: Varanasi: शादी से पहले युवती का अपहरण, फिर बेरहमी से गला काटकर हत्या
20 सितंबर को घर पहुंची युवती ने सुनाई आपबीती
परिजनों के मुताबिक, 20 सितंबर को युवती किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंची। यहां उसने परिवार को अपने साथ हुई घटनाओं के बारे में बताया और आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट व शारीरिक शोषण किया गया। युवती ने यह भी आशंका जताई थी कि आरोपी और उसके साथी उसे दोबारा अपने साथ ले जाने का प्रयास कर सकते हैं। परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को भी दी थी।
घर से अचानक गायब हुई युवती, चार लोगों पर ले जाने का आरोप
बताया गया कि 30 सितंबर को युवती के पिता फेरी लगाने गए थे, जबकि उसकी मां बाजार गई थीं। इसी दौरान युवती घर से अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने दो बाइकों पर चार लोगों को युवती को ले जाते हुए देखा। परिवार का आरोप है कि मिसरयार खां और उसके साथियों ने घर के दरवाजे से युवती को खींचकर उसका अपहरण किया।
आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
मामले के सामने आने के बाद से मिसरयार खां अपने गांव स्थित घर से फरार बताया जा रहा है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। साथ ही युवती की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














