सहारनपुर: देवबंद क्षेत्र की रहने वाली करीब 65 वर्षीय विधवा महिला ने एक व्यक्ति पर धोखाधड़ी कर फर्जी निकाहनामा तैयार कराने, न्यायालय को गुमराह करने और मानसिक उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, महिला मूल रूप से फतेहपुर थाना क्षेत्र के सरदाहेडी गांव की निवासी है और वर्तमान में देवबंद कस्बे के पठानपुरा मोहल्ले में रह रही है। उसके पति मोहम्मद इशहाक अहमद CRPF में दरोगा के पद पर तैनात थे, जिनका वर्ष 2018 में निधन हो गया था। महिला का दावा है कि उसकी सास जैतून के नाम ग्राम चौबारा, परगना हरोड़ा, तहसील बेहट में कृषि भूमि थी। सास की मृत्यु के बाद भूमि विरासत के आधार पर महिला और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम दर्ज हुई।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी आरिफ ने उक्त विरासत को चुनौती देते हुए तहसीलदार बेहट की अदालत में वाद दायर किया। वहां उसने महिला के संबंध में कथित तौर पर कहा कि वह परिवार की महिला नहीं है और उसने किसी अन्य व्यक्ति से निकाह कर लिया है महिला का आरोप है कि इसी मामले में आरोपी ने कथित रूप से फर्जी तरीके से उसका निकाहनामा तैयार कराया। प्रार्थना पत्र में निकाहनामे पर महिला और गवाहों के हस्ताक्षर भी फर्जी होने का दावा किया गया है।
पीड़िता के मुताबिक, फर्जी दस्तावेज के जरिए उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और न्यायालय को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।महिला ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद से वह मानसिक तनाव में है और उसे आरोपी से जान-माल का खतरा बना हुआ है। उसने पुलिस से आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।















































