UP: गिरवी का पूरा पैसा चुकाने के बाद भी जेवर नहीं लौटाने का आरोप, पांच दिन बाद भी कार्रवाई नहीं

गोंडा: गिरवी रखे सोने के जेवर की पूरी रकम चुकाने के बावजूद जेवर वापस नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने कर्नलगंज पुलिस को मामले की शिकायत दिए जाने के बावजूद पांच दिन बीतने पर भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने अधिकारियों से मामले की जांच कर जेवर वापस दिलाने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मामले से संबंधित एक लिखित दस्तावेज भी सामने आया है। दस्तावेज के अनुसार, अनिल कुमार तिवारी और यदुनाथ शुक्ला निवासी कोंचा कासिमपुर, पोस्ट कर्नलगंज, गोंडा के बीच रुपये के लेन-देन से संबंधित समझौता हुआ था। इसमें करीब 10 ग्राम 470 मिलीग्राम वजन के सोने के आभूषण को गिरवी रखने तथा उसके बदले 25 हजार रुपये प्राप्त करने का उल्लेख है। दस्तावेज पर 12 मार्च 2024 की तारीख दर्ज है।

ALSO READ: Bahraich में किराए के कमरे में MR ने दी जान, सुसाइड नोट में दोस्ती में धोखे का जिक्र, जांच में जुटी पुलिस

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गिरवी रखे गए जेवर के बदले ली गई पूरी रकम वापस कर दी गई है। इसके बावजूद संबंधित व्यक्ति द्वारा जेवर वापस नहीं किए जा रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि रकम पूरी तरह चुकाए जाने के बाद समझौते के अनुसार गिरवी रखे गए आभूषण वापस किए जाने चाहिए थे। जेवर वापस नहीं मिलने से परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Also Read: UP 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती : बेसिक शिक्षा परिषद दोबारा तैयार करेगी नई चयन सूची

पीड़ित के मुताबिक, इस संबंध में पांच दिन पहले कर्नलगंज पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा उसके जेवर वापस दिलाने की मांग की है।जांच करता उपनिरीक्षक रोहित रणबीर ने बताया मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच, दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध दस्तावेजों के परीक्षण के बाद ही स्पष्ट होगी। पीड़ित ने जल्द न्याय की मांग की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)