UP: बांदा पुलिस के हत्थे चढ़ा अंतरजनपदीय चोर गैंग, 68 किलो चोरी के बिजली तार, तमंचा और कार बरामद

बांदा: जनपद में बिजली के तार चोरी की लगातार हो रही घटनाओं के बीच तिंदवारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अंतरजनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 68 किलो चोरी के एल्युमीनियम बिजली के तार, तार काटने का कटर, अवैध 12 बोर तमंचा, जिंदा कारतूस और चोरी में इस्तेमाल की गई चारपहिया कार बरामद की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कई पुरानी चोरियों से भी पर्दा उठ गया है।

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत तिंदवारी पुलिस ने देर रात गौखरही मोड़, परसौड़ा के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने 22 जुलाई को बिजली के तार चोरी, 1 जनवरी को ई-रिक्शा की बैटरी चोरी और 7 जून को मोबाइल टॉवर के कार्ड चोरी करने की घटनाएं स्वीकार कर लीं।

Also Read: UP: सीतापुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक निवासी फतेहपुर और सैफ निवासी प्रयागराज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सैफ का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उसके खिलाफ प्रयागराज में चोरी समेत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

पुलिस अब दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। आशंका है कि यह गिरोह बांदा सहित आसपास के कई जिलों में चोरी की कई और वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)