मुज़फ़्फ़रनगर : बुढ़ाना में स्कॉर्पियो सवार युवकों ने सोमवार रात करीब 8 बजे कार रोककर एक युवक की पिटाई कर दी। स्कॉर्पियो सवारों ने कार के आगे अपनी गाड़ी लगाई और युवक को नीचे उतारकर लात-घूंसों से पीटा। सड़क पर हुई मारपीट की पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो मंगलवार सुबह करीब 7 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
मामला बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के बड़ौत रोड का है। CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक कार सड़क से गुजर रही है। तभी काली स्कॉर्पियो उसके आगे आकर रुकती है। स्कॉर्पियो से कुछ युवक बाहर निकलते हैं और कार सवार युवक को नीचे उतारकर उसके साथ मारपीट शुरू कर देते हैं। युवक को कई लोग मिलकर पीटते दिखाई दे रहे हैं।
ALSO READ: UP: चमुखी विश्वकर्मा मंदिर के लिए 1.10 करोड़ मंजूर, समाज में उत्साह
मारपीट में युवक बुरी तरीके से घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित बुढ़ाना कोतवाली पहुंचा और स्कॉर्पियो सवार युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे मुज़फ़्फ़रनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस अब वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान कर रही है। घटना के पीछे की वजह क्या थी और दोनों पक्षों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














