सुल्तानपुर: कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुम्हींडड़िया गांव में मंगलवार भोर पति-पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। दोनों के शव घर में मिलने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी, थानाध्यक्ष और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर के अनुसार, मृतकों की पहचान मुकेश सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह के रूप में हुई है। विनीता सिंह गांव में ही एक निजी स्कूल का संचालन करती थीं, जबकि उनके पति मुकेश सिंह एक स्कूल में अध्यापक बताए गए हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई गई है। घटनास्थल से पुलिस ने एक कुल्हाड़ी भी बरामद की है।
ALSO READ: UP: चमुखी विश्वकर्मा मंदिर के लिए 1.10 करोड़ मंजूर, समाज में उत्साह
दोहरी हत्या की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के स्थानों का निरीक्षण किया।
एसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस मृतक दंपती के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।
घटना के बाद कुम्हींडड़िया गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही घटना का अनावरण करने का प्रयास किया जा रहा है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














