UP: होमगार्ड भर्ती दौड़ के दौरान हंगामा, तेज धूप में करीब 4 दर्जन अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी

UP: रायबरेली जिले में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत पीएसी कैंपस में आयोजित फिजिकल टेस्ट के दौरान सोमवार को तेज धूप और उमस ने अभ्यर्थियों की परेशानी बढ़ा दी। रनिंग के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से कई महिला अभ्यर्थियों समेत 50 के करीब अभ्यर्थी मैदान में बेहोश होकर गिर पड़े। एक साथ कई अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में बीमार अभ्यर्थियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

1050 अभ्यर्थियों की होनी थी रनिंग, धूप बनी परेशानी

सोमवार को करीब 1050 अभ्यर्थियों को रनिंग में शामिल होना था। सुबह से ही तेज धूप और उमस का असर बना हुआ था। खुले मैदान में लगातार दौड़ लगाने के दौरान कई अभ्यर्थियों को चक्कर आने लगे और वे खुद को संभाल नहीं सके। इस दौरान कुछ अभ्यर्थी मैदान में ही गिर पड़े, जिसके बाद भर्ती स्थल पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने उन्हें संभाला।

Also Read: रायबरेली होमगार्ड भर्ती में दौड़ लगाते समय 11 अभ्यर्थी गश्त खाकर गिरे, मचने लगी अफरा-तफरी

महिला अभ्यर्थियों ने बताया- दौड़ के दौरान आने लगे चक्कर

जिला अस्पताल पहुंचीं महिला अभ्यर्थियों ने बताया कि रनिंग के दौरान धूप काफी तेज थी। लगातार दौड़ लगाने के बाद उन्हें कमजोरी और चक्कर महसूस होने लगे। कुछ ही देर में उनकी हालत इतनी बिगड़ गई कि वे मैदान में गिर पड़ीं। अस्पताल में प्रतापगढ़ की 25 वर्षीय कविता, 24 वर्षीय पूर्णिमा, कानपुर की 33 वर्षीय ज्योति गुप्ता और 22 वर्षीय दिव्या समेत कई अभ्यर्थियों का उपचार किया गया।

करीब 50 अभ्यर्थी पहुंचे अस्पताल, कई को मिली छुट्टी

जिला अस्पताल की स्टाफ नर्स के मुताबिक भर्ती प्रक्रिया के दौरान तबीयत खराब होने के चलते अब तक करीब 50 अभ्यर्थी अस्पताल पहुंच चुके हैं। इनमें से कई को प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर घर भेज दिया गया, जबकि कुछ अभ्यर्थियों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। अस्पताल में एक साथ कई अभ्यर्थियों के पहुंचने से स्वास्थ्यकर्मियों को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।

Also Read: UP: जर्जर 102 एंबुलेंस में अचानक लगी आग, सीएचसी परिसर में मची अफरा-तफरी

अभ्यर्थियों ने फिजिकल टेस्ट की व्यवस्था पर उठाए सवाल

तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल पहुंचे अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने भीषण गर्मी में खुले मैदान में फिजिकल टेस्ट कराने को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि तेज धूप और उमस के बीच लगातार दौड़ लगाना अभ्यर्थियों के लिए मुश्किल साबित हो रहा है। हालांकि, अभ्यर्थियों के बीमार पड़ने के बावजूद पीएसी कैंपस में भर्ती प्रक्रिया के तहत रनिंग जारी रही। घटनाक्रम ने गर्म मौसम में शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है.