UP: चंदौली के चतुर्भुजपुर क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सभासदों ने निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सड़क निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं बनाई जा रही है, जिससे बरसात के मौसम में इसके जल्द खराब होने की आशंका बढ़ गई है।
सभासदों ने जताई आपत्ति, काम रुकवाने की चेतावनी
नगरपालिका परिषद के नामित सभासद भीम कुमार मोदी ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में केवल गिट्टी डालकर लेवलिंग की जा रही है, जबकि मजबूत सड़क के लिए आवश्यक मोटाई और गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा। वहीं वार्ड नंबर-1 के सभासद पारसनाथ यादव ने मौके का निरीक्षण करने के बाद बिटुमेन और इमल्शन की मात्रा कम होने का आरोप लगाया और मानकों के अनुरूप कार्य नहीं होने पर निर्माण रुकवाने की चेतावनी दी।
Also Read: UP: महंगाई और पेपर लीक के विरोध में सपा का प्रदर्शन, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
क्षेत्र की निवासी संध्या देवी का कहना है कि सड़क निर्माण केवल औपचारिकता बनकर रह गया है और यह पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो सकती है। उन्होंने सरकार से गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि क्षेत्र में जलभराव और आवागमन की समस्याओं से स्थायी राहत मिल सके।
भारी वाहनों के दबाव का हवाला देकर उठाए सवाल
स्थानीय निवासी रामजी शर्मा ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद सड़क निर्माण शुरू हुआ है, लेकिन इसकी मोटाई बेहद कम रखी जा रही है। उनका कहना है कि इस मार्ग से भारी वाहनों का लगातार आवागमन होता है, इसलिए सड़क का निर्माण मजबूत और टिकाऊ होना चाहिए। वहीं युवक अंकित यादव ने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उच्च गुणवत्ता वाली सड़क बनाने की मांग की।
Also Read: UP: आयकर इंस्पेक्टर और आंगनबाड़ी सुपरवाइजर की नौकरी का झांसा, युवक से ठगे 10 लाख रुपये
प्रशासन की ओर से नहीं आया कोई जवाब
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह मार्ग हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही का प्रमुख रास्ता है, इसलिए निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अनियमितता मिलने पर विरोध जारी रखने की बात कही है। हालांकि, पूरे मामले में संबंधित विभाग या नगरपालिका प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)



















































