UP: अमेठी जिले के जामो थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में कच्चे मकान की दीवार ढहने से मां और उसकी मासूम बेटी की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुबह चार बजे हुआ हादसा
घाटमपुर पूरे परमेश्वरी गांव निवासी ओमप्रकाश का परिवार कच्चे मकान में सो रहा था। सुबह करीब चार बजे अचानक मकान की मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे के नीचे दबने से ओमप्रकाश की पत्नी कमलेश कुमारी (35), सात वर्षीय बेटी आशी और आठ वर्षीय बेटा दीपांशु फंस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला।
Also Read: इटावा: तीखे सवालों से बचते नजर आए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, विवादों पर चुप्पी साधी
अस्पताल में मां-बेटी को मृत घोषित किया गया
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जामो ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने कमलेश कुमारी और आशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दीपांशु की हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस और प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि मिट्टी की दीवार गिरने से यह हादसा हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं प्रशासन की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में लगे हैं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)















































