सैफई: घर से काम के लिए निकला बिजली मिस्त्री लरखोर तिराहे के पास खेत में घायल और अचेत अवस्था में पड़ा मिला। गंभीर हालत में उसे उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर परिजनों ने उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है।
रमैयापुर निवासी 30 वर्षीय जितेंद्र कुमार पुत्र रामकृष्ण एक्सप्रेसवे पर बिजली मिस्त्री का काम करता था। परिजनों के अनुसार रविवार शाम करीब 8:30 बजे वह बाइक से घर से निकला था। रात करीब 11 बजे लरखोर तिराहे के पास वह खेत में घायल और अचेत अवस्था में मिला। पास में उसकी बाइक भी पड़ी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल सैफई ट्रामा सेंटर पहुंचाया।
ALSO READ: Hathras: गांव में घरों पर लगे पलायन के पोस्टर, दबंगई के आरोपों से मचा हड़कंप
मृतक के भाई सुमित और अवनीश कुमार ने बताया कि जितेंद्र ने फोन कर कहा था कि रास्ते में कुछ लोगों ने उसके साथ घटना की है। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में निकले। हालांकि हालत गंभीर होने के कारण जितेंद्र घटना के संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं दे सका।
जितेंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसके पीछे पत्नी संजू और चार वर्षीय बेटा है। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई है। खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से थाने में कोई शिकायती पत्र नहीं दिया गया था।
प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी ने बताया कि अभी कोई प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

















































