UP: नवजात बेटी की छठी से पहले पिता ने उठाया खौफनाक कदम, परिवार में मचा कोहराम

फतेहपुर: जनपद के जहानाबाद थाना क्षेत्र के पनेरूवा गांव में शुक्रवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव निवासी विकास कुमार (30) पुत्र जयकिशोर ने घर के कमरे में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर विकास को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों के अनुसार, विकास पिछले करीब छह दिनों से मानसिक तनाव में था और अत्यधिक शराब का सेवन कर रहा था। शनिवार को उसकी महज छह दिन की नवजात बेटी की छठी का कार्यक्रम होना था। परिवार में इसको लेकर खुशियों का माहौल था, लेकिन इससे पहले ही विकास के आत्मघाती कदम ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

Also Read: UP: मानसिक रूप से दिव्यांग युवती से बार-बार दुष्कर्म, गर्भवती हुई पीड़िता, तीन आरोपी गिरफ्तार

मृतक की पत्नी रन्नो देवी (26) और मां कांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। विकास की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी दिव्यांशी (9) और छोटी बेटी राव्या, जिसकी उम्र महज छह दिन है। नवजात बेटी की छठी से पहले पिता की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।

बताया गया कि विकास पांच भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)