UP: चंदौली में महिला की मौत के बाद अवंतिका हॉस्पिटल सीज, जांच में मिलीं कई अनियमितताएं

UP: चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित अवंतिका हॉस्पिटल में हर्निया के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। महिला के परिजनों की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच में गंभीर खामियां सामने आने के बाद अस्पताल को अस्थायी रूप से सीज कर दिया गया।

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

भभुआ निवासी महिला का अवंतिका हॉस्पिटल में हर्निया का ऑपरेशन कराया गया था। ऑपरेशन के बाद उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने मौत की वजह हार्ट अटैक बताई, लेकिन परिजनों ने इसे इलाज में लापरवाही का मामला बताते हुए अलीनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर प्रशासन ने जांच शुरू की।

Also Read: मथुरा: 32 फीट के स्वर्ण-रजत हिंडोले में झूले बांकेबिहारी मंदिर, जयकारों से गूंजा मंदिर

एसडीएम की अगुवाई में जांच

एसडीएम राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने शनिवार को अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम में सकलडीहा प्रभारी संजय यादव, नियामताबाद प्रभारी डॉ. रविकांत सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के अधिकारी शामिल रहे। अलीनगर थाना प्रभारी गगनराज सिंह भी जांच के दौरान मौके पर मौजूद रहे।

बेसमेंट में चल रहा था अस्पताल

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के संचालन से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों के मुताबिक अस्पताल बेसमेंट में संचालित किया जा रहा था, जबकि ऑपरेशन थिएटर की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। इसके अलावा ड्यूटी पर रहने वाले डॉक्टरों की गैरमौजूदगी और निर्धारित चिकित्सकीय मानकों का पालन नहीं किए जाने की बात भी जांच में सामने आई।

Also Read:‘आजादी को सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी…’, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बोले CM योगी

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

एसडीएम राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि सामने आई खामियों को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल को फिलहाल अस्थायी रूप से सीज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की कार्रवाई के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)