UP: सड़क हादसे में कांवड़िए दीपक की मौत, पिता हुए बेहोश, गांव में पसरा सन्नाटा

बरेली: भदपुरा क्षेत्र के गांव केशवपुर बन्नाई निवासी 17 वर्षीय दीपक की सड़क हादसे में मौत से गांव में मातम छा गया। दीपक कांवड़ियों के जत्थे के साथ गंगाजल लेने गया था। शाहजहांपुर रोड पर तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

दीपक कक्षा 12 का मेधावी छात्र था और खमरिया स्थित स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। पढ़ाई के साथ वह पिता रविंद्र कुमार के खेती-किसानी के काम में भी हाथ बंटाता था। पिता अपने बेटे को अच्छी शिक्षा दिलाकर बेहतर नौकरी के मुकाम तक पहुंचाना चाहते थे, लेकिन हादसे ने परिवार के सपनों को चकनाचूर कर दिया।

Also Read: UP: मानसिक रूप से दिव्यांग युवती से बार-बार दुष्कर्म, गर्भवती हुई पीड़िता, तीन आरोपी गिरफ्तार

बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता रविंद्र कुमार की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें तत्काल बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। दीपक पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत से मां तारावती, बहनें धनदेवी, अनीता और सुनीता तथा छोटा भाई अंशु सदमे में हैं।

दीपक की अचानक मौत से गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए हादसे पर दुख व्यक्त किया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटे को परिवार ने उज्ज्वल भविष्य के सपने के साथ कांवड़ यात्रा पर भेजा था, उसके इस तरह वापस लौटने की खबर ने हर किसी को झकझोर दिया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)