UP: सुल्तानपुर में लम्भुआ पुलिस ने जल जीवन मिशन परियोजना की साइटों से इन्वर्टर और बैटरियां चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं, गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
दो परियोजना स्थलों से चोरी की हुई थी वारदात
पुलिस के मुताबिक, 27 और 28 जुलाई की रात लम्भुआ थाना क्षेत्र के किठौली और मदनपुर पनियार गांव स्थित जल जीवन मिशन की परियोजना साइटों से दो इन्वर्टर और चार बैटरियां चोरी हो गई थीं। मामले में पीड़ितों की शिकायत पर थाने में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
Also Read:UP: जल जीवन मिशन की पानी टंकी से लाखों की चोरी, दो महीने बाद भी पुलिस के हाथ खाली
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचे आरोपी
अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने जांच तेज की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शुक्रवार को गोपालापुर मोड़ हाईवे के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डेविड उर्फ हर्षित तिवारी, नीरज उर्फ कोपे निषाद और राजा कुमार रैदास के रूप में हुई है।
पूछताछ में कई साथियों के नाम आए सामने
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रात के समय चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपी मौका देखकर पैदल या मोटरसाइकिल से निकलते थे और सुनसान स्थानों पर लगी परियोजना सामग्री को निशाना बनाते थे। पूछताछ में राजेश निषाद उर्फ उदई, जुगेश निषाद समेत कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं।
चोरी का सामान और बाइक बरामद, कार्रवाई जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से छह बैटरियां, एक यूटीएल सोलर इन्वर्टर और चोरी के सामान को ले जाने में इस्तेमाल की गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है और जिले में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा।

















































