जौनपुर: हत्या के प्रयास मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर : पुरानी रंजिश के चलते जौनपुर के शाहगंज थाना क्षेत्र स्थित समैसा गांव में धान की रोपाई के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक पक्ष पर कुल्हाड़ी और लाठी से हमला करने का आरोप है। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीड़ित की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

घटना की सूचना मिलते ही शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

Also Read: UP: 12 साल पुराने गैंगस्टर एक्ट मामले में बड़ा फैसला, तीन दोषियों को 3-3 साल की सजा

पांच नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों धीरज गौतम, रामस्वारथ, विद्या देवी, सीमा और पूतला उर्फ रिंका को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

हमले में इस्तेमाल हथियार भी बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी, एक लाठी और दो ईंट बरामद की हैं। पुलिस ने इन सभी सामानों को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर आगे की जांच में शामिल कर लिया है।

Also Read: Delhi Riots Case 2020: IB अधिकारी अंकित शर्मा हत्याकांड में ताहिर हुसैन समेत 5 दोषियों को उम्रकैद

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

शाहगंज पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)