सोनभद्र: जिले के जुगैल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोठानी गांव से पिछले छह दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता चल रहे 24 वर्षीय युवक हिमांशु मिश्रा का शव ओबरा थाना क्षेत्र के रेणुका नदी (ओबरा डैम) से बरामद हुआ है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक व सनसनी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिमांशु मिश्रा पुत्र सुरेंद्र मिश्रा गत 25 सितंबर 2026 को घर से निकले थे और उसके बाद से उनका कोई सुता नहीं मिल रहा था। परिजनों ने काफी तलाश के बाद जुगैल थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गुरुवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि ओबरा क्षेत्र में रेणुका नदी के पास एक शव तैर रहा है। शिनाख्त करने पर शव लापता हिमांशु का निकला।
Also Read: UP: UPI चार्ज को लेकर व्यापारियों में बढ़ी बेचैनी, व्यापार मंडल ने जताया विरोध
परिजनों ने जताया हत्या का गंभीर संदेह
मृतक के पिता सुरेंद्र मिश्रा ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उन्होंने अपने पटीदारों पर पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम देने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, मृतक के चाचा बिजेंद्र मिश्रा ने परिवार के पुराने विवाद का हवाला देते हुए एक दरोगा पर भी हिमांशु को लगातार प्रताड़ित करने का आरोप जड़ा है। हालांकि, क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने दरोगा पर लगाए गए इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए निराधार बताया है।
पुलिस की अग्रिम कार्रवाई जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस परिजनों द्वारा दी गई तहरीर और शिकायतों के आधार पर मामले की गहनता से छानबीन और अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।









