UP: सड़क पर तेंदुए की एंट्री से मचा हड़कंप! इटावा के जसवंतनगर में दहशत…

UP: इटावा के जसवंतनगर क्षेत्र के बलरई थाना अंतर्गत बाउथ गांव के पास बुधवार रात करीब 9:30 बजे सड़क के बीचों-बीच तेंदुआ दिखाई देने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। अचानक सड़क पर खूंखार वन्यजीव को देखकर राहगीरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक कार सवार युवक की नजर जैसे ही तेंदुए पर पड़ी, उसने बिना घबराए तुरंत वाहन पीछे मोड़ लिया। उसकी सतर्कता और सूझबूझ से संभावित बड़ा हादसा टल गया।

Also Read: BSC छात्रा की संदिग्ध मौत! नदी में मिला शव, पुल से कूदने की जताई जा रही आशंका

घटना की सूचना कुछ ही देर में आसपास के गांवों में जंगल की आग की तरह फैल गई। ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके की ओर पहुंचने लगे, लेकिन पुलिस ने लोगों को भीड़ न लगाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। बलरई थाना पुलिस ने क्षेत्रवासियों से रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने तथा अकेले सुनसान रास्तों पर जाने से बचने की अपील की है।

ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी से खेतों में काम करने वाले किसानों, बच्चों और पशुपालकों में भारी भय व्याप्त है। लोगों ने वन विभाग से तत्काल सर्च अभियान चलाकर तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने और इलाके में लगातार गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Also Read: UP: महिलाओं से अभद्र टिप्पणी करना पड़ा भारी, ऑपरेशन मजनू में मनचला गिरफ्तार

फिलहाल तेंदुए की तलाश जारी है। पुलिस और वन विभाग हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेंदुआ दिखाई देने पर उसे पकड़ने या भगाने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत पुलिस और वन विभाग को सूचना दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)