कानपुर किडनी कांड: कानपुर (Kanpur) में अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट (Kanpur Kidney Transplant Racket) के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी रोहित को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उसे कानपुर लेकर आई है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई है कि खुद को डॉक्टर बताने वाला रोहित केवल 12वीं पास है।
पूछताछ में जुटी पुलिस टीमें
डीसीपी वेस्ट के अनुसार, पुलिस की कई टीमें आरोपी से पूछताछ कर किडनी सिंडिकेट से जुड़े अहम सुराग जुटाने में लगी हैं। इस मामले में अब तक कुल 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।
अवैध किडनी कांड ट्रांसप्लांट का खेल
इस पूरे मामले का खुलासा 30 मार्च को हुआ था, जब कल्याणपुर स्थित अहूजा अस्पताल में अवैध किडनी ट्रांसप्लांट किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने अस्पताल के मालिक दंपति डॉ. सुरजीत अहूजा और प्रीति अहूजा समेत दलाल शिवम काना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ में यह सामने आया कि रोहित इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड है, जबकि मेरठ के एक डॉक्टर और दिल्ली के एक ओटी टेक्नीशियन की भी इसमें संलिप्तता बताई गई।
फर्जी डॉक्टर बनकर करता था ऑपरेशन
जांच में खुलासा हुआ है कि रोहित डॉक्टर नहीं है, लेकिन वह खुद को डॉक्टर बताकर लोगों को गुमराह करता था। पुलिस को उसके कई फोटो मिले हैं, जिनमें वह स्टेथोस्कोप और एप्रन पहने नजर आ रहा है। कुछ तस्वीरों में वह ऑपरेशन थिएटर के अंदर अन्य डॉक्टरों के साथ सर्जरी करते हुए भी दिखाई दे रहा है।
जल्द होगा बड़ा खुलासा
फिलहाल पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पूरे नेटवर्क और इसके काम करने के तरीके का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































