UP: अमेठी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नकली पेट्रोल बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 5 लाख का माल बरामद

UP: अमेठी पुलिस ने पेट्रोल में केमिकल मिलाकर नकली ईंधन तैयार करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। कमरौली थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में उतेलवा बाईपास स्थित एक अर्द्धनिर्मित रया एग्रो फैक्ट्री में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक किशोर को संरक्षण में लिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के दौरान कमरौली पुलिस को देर रात सूचना मिली कि फैक्ट्री परिसर में पेट्रोल में रसायन मिलाकर अवैध रूप से मिलावटी ईंधन तैयार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पटेल के नेतृत्व में पुलिस और स्वाट टीम ने मौके को चारों ओर से घेरकर कार्रवाई की।

Also Read: सावधान! ENO-Nescafe के नाम पर नकली प्रोडक्ट बेचने वाला गैंग बेनकाब, 4 गिरफ्तार

चार आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में सामान बरामद

छापेमारी के दौरान राहुल पासी, सत्येन्द्र कुमार प्रजापति, आशीष सोनी और जैफ खान को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में पुलिस को 12 ड्रम केमिकल और 10 ड्रम पेट्रोल समेत कुल 4,400 लीटर सामग्री मिली। इसके अलावा दो छोटे टैंकर, एक पंपिंग सेट और प्लास्टिक की पाइपें भी बरामद की गईं। जब्त सामग्री और वाहनों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है।

टैंकरों से पेट्रोल चोरी कर तैयार होता था नकली ईंधन

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गिरोह का संचालन कुलदीप शुक्ला नामक व्यक्ति कर रहा था। गिरोह के सदस्य टैंकरों से पेट्रोल निकालकर उसमें केमिकल मिलाते थे और तैयार ईंधन को विभिन्न फैक्ट्रियों में अधिक कीमत पर बेचते थे। अवैध कारोबार से होने वाले मुनाफे को सभी सदस्य आपस में बांट लेते थे।

Also Read: नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश, 130 किलो नकली पेस्ट बरामद, लाखों का समान जब्त:

मुख्य सरगना की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, बरामद वाहनों और सामग्री से संबंधित वैध दस्तावेज आरोपियों द्वारा प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद उन्हें सीज कर दिया गया। मामले में बीएनएस की धारा 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, फरार मुख्य आरोपी कुलदीप शुक्ला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)