आजमगढ़: युवती के अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को रौनापार पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के पालघर जिले से गिरफ्तार किया है। साइबर सेल की तकनीकी टीम ने आरोपी की मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने में अहम भूमिका निभाई, जिसके आधार पर पुलिस ने बोइसर स्थित एक कंपनी से आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, रौनापार थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी 23 वर्षीय बेटी के संबंध में तहरीर दी थी। आरोप है कि आरोपी प्रमोद गोंड ने युवती से दोस्ती कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसके अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए। बाद में इन्हें वायरल करने की धमकी देकर युवती पर बार-बार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि बाद में आरोपी ने युवती के अश्लील फोटो और वीडियो वायरल कर दिए।
Also Read: मथुरा: 32 फीट के स्वर्ण-रजत हिंडोले में झूले बांकेबिहारी मंदिर, जयकारों से गूंजा मंदिर
मामले में 13 जुलाई 2026 को थाना रौनापार में मु0अ0सं0 195/2026 के तहत धारा 64(2)(ड), 108 बीएनएस और 67ए आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना निरीक्षक अपराध/विवेचक अशोक कुमार तिवारी द्वारा की जा रही थी।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से गैर जमानती वारंट (NBW) प्राप्त किया गया। इसके बाद साइबर सेल आजमगढ़ की तकनीकी टीम ने आरोपी के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो बोइसर, पालघर महाराष्ट्र में मिली। लोकेशन के आधार पर रौनापार पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम महाराष्ट्र पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से श्रीराम फेडरेशन कंपनी, बोइसर से आरोपी प्रमोद गोंड पुत्र जगरनाथ गोंड, निवासी हैदराबाद, थाना रौनापार, आजमगढ़, उम्र 34 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और उसे पालघर स्थित संबंधित न्यायालय में पेश किया गया। वहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस आरोपी को आजमगढ़ लेकर आई। 16 अगस्त को उसे थाना रौनापार में दाखिल कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।



















































