UP: टूटे बिजली के तार ने ली दुधारू भैंस की जान, ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जताया आक्रोश

मीरजापुर। जिले के संतनगर थाना क्षेत्र के रैकल गांव में 440 वोल्ट का तार जमीन पर था। उसी की चपेट में आने से एक दुधारू भैंस की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। मृत भैंस रैकल गांव निवासी नागेश्वर उपाध्याय पुत्र रमाकांत उपाध्याय की थी।

परिजनों ने बताया कि सुबह भैंस चरने के लिए घर से निकली थी। गांव में बिजली के पोल से 440 वोल्ट का तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था। जैसे ही भैंस उस तार के संपर्क में आई, तेज करंट से वह तड़पकर गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। नागेश्वर उपाध्याय ने बताया ये भैंस ही घर का सहारा थी। दूध बेचकर घर का खर्च चलता था बिजली विभाग कई बार शिकायत के बाद भी तार नहीं ठीक कर रहा था ।

Also Read: UP: हाथरस में पुलिस भर्ती के DV-PST केंद्र का एसपी ने किया निरीक्षण, अभ्यर्थियों की सुविधाओं का लिया जायजा

आज उसी लापरवाही की वजह से हमारा नुकसान हो गया। घटना की खबर मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि कई दिनों से पोल पर तार लटका था और विभाग को कई बार सूचना दी गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा देने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। एसडीओ सुमित यादव ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल रैकल गांव में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर लोगों में गुस्सा है और पीड़ित परिवार इंसाफ की मांग कर रहा है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)