UP: सहारनपुर के थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने रंगदारी मांगने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम सतपुरा निवासी सहबान ने 16 अगस्त को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव निवासी मनव्वर ने उसके पुत्र सलमान का मोबाइल से फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। आरोपी ने वादी और उसके पुत्र को जान से मरवाने तथा झूठे पुलिस केस में फंसाने की धमकी देते हुए एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।पुलिस टीम ने 16 अगस्त को वांछित आरोपी मनव्वर पुत्र अनवर निवासी ग्राम सतपुरा, थाना बिहारीगढ़ को ग्राम सतपुरा के बाहर रोड से गिरफ्तार कर लिया।
Also Read: UP: अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप, महिला को 10 लाख रुपये में बेचने का दावा
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना बिहारीगढ़ में पहले भी मुकदमा दर्ज है। उसका आपराधिक इतिहास मु0अ0सं0 22/2025, धारा 115(2), 351(2), 352 बीएनएस से संबंधित बताया गया है।गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक हवन सिंह चीमा, उपनिरीक्षक पवन कुमार और कांस्टेबल राहुल शामिल रहे।



















































