UP: मनीरामपुर में कोटा चयन की बैठक बेनतीजा, नौ लोगों ने पेश की दावेदारी

UP: भेंटुआ  विकासखंड भेंटुआ की ग्राम पंचायत मनीरामपुर में मंगलवार को उचित दर विक्रेता (कोटा) के चयन के लिए आयोजित दूसरी बैठक भी बेनतीजा रही। कोटा चयन को लेकर दावेदारों और ग्रामीणों के बीच किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन सकी, जिसके चलते चयन प्रक्रिया पूरी किए बिना बैठक निरस्त कर दी गई। कोटा की सीट ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आरक्षित है।

बैठक में कुल नौ लोगों ने उचित दर विक्रेता के पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की। अधिकारियों की ओर से आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी एक दावेदार के नाम पर सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने चुनाव कराकर कोटा चयन कराने की मांग रखी।

Also Read: UP: जौनपुर में राह चलती छात्राओं पर करता था अभद्र टिप्पणी, किसन राजभर को एंटी रोमियो टीम ने दबोचा

इस पर बैठक में मौजूद नोडल अधिकारी कुंवर विक्रम सिंह ने स्पष्ट किया कि उचित दर विक्रेता के चयन के लिए चुनाव कराने का कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने बताया कि आपसी सहमति नहीं बनने के कारण चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी, जिसके चलते बैठक को निरस्त कर दिया गया।

Also Read: UP बीजेपी ने जारी की क्षेत्रीय व मोर्चा प्रभारियों की सूची, राम प्रताप सिंह चौहान को पश्चिमी यूपी की कमान, देखें पूरी लिस्ट

बैठक के दौरान दावेदारों और ग्रामीणों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी भी होने लगी। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। बैठक में ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सचिव अनिल कुमार पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

दूसरी बार भी कोटा चयन न होने से ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार दूसरी बैठक होने के बावजूद चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अब अगली बैठक में प्रशासन की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है और मनीरामपुर ग्राम पंचायत को नया उचित दर विक्रेता कब मिलता है, इस पर ग्रामीणों की निगाहें टिकी हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)